राजस्थान के चूरू जिले के सादुलपुर तहसील में एक दुखद घटना सामने आई, जहां पुलिस जवान जसपाल सिंह जाखड़ का ड्यूटी के दौरान आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों और जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर पेश कर श्रद्धांजलि दी।

ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत
मिली जानकारी के अनुसार, जसपाल सिंह जाखड़ बुधवार अल सुबह स्नान करने के लिए बाथरूम गए थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिवारवालों और सहयोगी जवानों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
2006 में हुए थे भर्ती, पीछे रह गया परिवार
40 वर्षीय जसपाल सिंह जाखड़ वर्ष 2006 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वे श्रीगंगानगर के मुकलावा पुलिस थाने में तैनात थे। उनके परिवार में पत्नी राजबाला, 18 वर्षीय बेटा मोहित, 14 वर्षीय बेटी भारती और एक बड़ा भाई है। उनके निधन से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
बुधवार दोपहर बाद जसपाल सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर स्थानीय एडिशनल एसपी किशोरी लाल, पुलिस जवान, सरपंच प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।